अखंड समाचार (एजेंसियां) काबुल :
पाकिस्तान और तालिबान के बीच खूनी संघर्ष रुकने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले दिनों चमन सीमा पर एक पाकिस्तानी सैनिक की हत्या कर दी गई। इस पाकिस्तानी जवान को एक तालिबानी सैनिक ने मार दिया था। अब इस तालिबानी सैनिक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वह पाकिस्तान के खिलाफ जिहाद का ऐलान कर रहा है। यही नहीं, उसने अन्य तालिबानियों से भी कहा कि वे भी ऐसा करें। तालिबानी सैनिक ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सैनिक अफगानों का अपमान कर रहे हैं। पाकिस्तानी सैनिक को मारने वाले तालिबानी सैनिक की सोशल मीडिया में सक्रिय तालिबानी प्रशंसा कर रहे हैं। उसने यह भी कहा कि यह हमला उसने खुद से प्रेरित होकर किया है।इस घटना के बाद से पाकिस्तान और तालिबान के बीच तनाव अपने चरम पर है। चमन सीमा को एक और दिन के लिए बंद कर दिया गया है। पाकिस्तान और तालिबान के बीच कई बैठकें हुई हैं लेकिन अभी तक इसका हल नहीं निकल पाया है। तालिबानी सैनिक के हमले में दो पाकिस्तानी सैनिक घायल भी बताए जा रहे हैं। दोनों देशों के बीच बैठक में पाकिस्तान ने मांग की कि तालिबानी सैनिक से दोनों ही पक्ष मिलकर पूछताछ करें। हालांकि अभी इस पर फैसला नहीं हो पाया है। इस बॉर्डर के बंद होने की वजह से व्यापार भी ठप हो गया है।
